पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन की पार्थिव शरीर शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गयी। दिल्ली के निगम बोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले तिरंगे में लिपटे उनके पार्थिव शरीर को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय लाया गया था। जहां कांग्रेस के तमाम नेताओं ने मनमोहन सिंह को आखिरी बार नमन किया। इस दौरान सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, रेवंत रेड्डी समेत तमाम बड़े कांग्रेसी नेता मुख्यालय में मौजूद थे।
जिसके बाद यहां से उनका पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ सेना की गाड़ी से निगम बोध घाट के लिए ले जाया गया। जिस-जिस चौराहे ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर ले जाया जा रहा था, वहां-वहां आम लोग उन्हें नमन करने पहुंच रहे थे। घाट पहुंचने के बाद तीनों सेनाओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के पार्थिव शरीर को सलामी दी। वहीं, मनमोहन सिंह की अर्थी को उनके परिवार के साथ-साथ राहुल गांधी ने भी कंधा दिया। जिसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन की पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी गयी।
इस दौरान बड़ी बेटी उपिंदर सिंह, दूसरी बेटी दमन सिंह और तीसरी बेटी अमृत सिंह के साथ-साथ अन्य परिवार के सदस्य मौजूद थे। उनकी अंतिम विदाई में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत सरकार के कई मंत्री, कांग्रेसी और बीजेपी के बड़े नेता भी उपस्थित थे।