गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय युवा शक्ति ने शनिवार को भव्य तिरंगा शोभा यात्रा निकाली। यह शोभायात्रा पिस्का मोड़ के विश्वनाथ महादेव मंदिर से निकाली गयी। जो रातू रोड, अपर बाजार, महावीर चौक, गांधी चौक होते हुये अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा। जिसके बाद देशभक्ति नारों के साथ इसकी समापन की घोषणा कर दी गयी। इस ऐतिहासिक शोभा यात्रा में मुख्य आकर्षण 1000 मीटर लंबा एलईडी लाइट से सजा तिरंगा था।
इस दौरान युवाओं की टोली पूरे मार्ग ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों के वातावरण में तिरंगा को हाथों में थामे यात्रा में शामिल हुये। जहां वे ऊर्जा और उत्साह से भरे हुये थे। वहीं, इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हुयी। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगते रहे।
राष्ट्रीय युवा शक्ति के अध्यक्ष उत्तम यादव ने कहा कि शोभायात्रा सिर्फ एक परंपरा नहीं है, बल्कि हमारे शहीदों के प्रति सम्मान और युवाओं को प्रेरित करने का एक प्रयास हैं। जो रांचीवासियों के दिलों में देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना को जागृत और समाज में राष्ट्रीय एकता का संदेश देना था। उन्होंने कहा कि अल्बर्ट एक्का चौक पर भारतीय सेना के शहीद परिवारों के हाथों 26 जनवरी को ध्वजारोहण कराया जायेगा। जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति गीत भी आयोजित होगे। वहीं, आज के कार्यक्रम को लेकर अल्बर्ट एक्का चौक पर विशेष सजावट की गयी थी। जिसमें सेल्फी पॉइंट और तिरंगे से सजे स्थान लोगों बीच आकर्षण का केंद्र रहा।