बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बुधवार को अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान लालू यादव ने राबड़ी देवी को जन्मदिन और नये साल पर बधाई दी। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का जन्मदिन और भी अधिक खास तब हो गया, जब उन्होंने अपने पति लालू यादव को गुलाब का फूल देकर नये वर्ष की बधाई दी। यह यादगार पल राबड़ी देवी ने अपने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि हैप्पी न्यू ईयर टू माय डियर साहेब.. जिसके बाद उनके पोस्ट पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता ही लग गया।
वहीं, बिहार के नव निर्वाचित राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान लालू आवास पहुंचकर राबड़ी देवी को बधाई दी। इस दौरान राज्यपाल ने राबड़ी और लालू यादव से मुलाकात की। इन सब के बीच जब नव निर्वाचित राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान लालू यादव के घर पहुंचे, तो उनका परिवार गर्मजोशी से राज्यपाल का स्वागत किया। इस मुलाकात का वीडियो आरजेडी ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट भी किया हैं।
बता दें कि गोपालगंज में राबड़ी देवी का जन्म 1955 में हुआ था। लालू यादव के जेल जाने के बाद बिहार की बागडोर राबड़ी देवी 25 जुलाई 1997 को संभाली थी। दरअसल लालू यादव को बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में जेल जाना पड़ा था। जिसके बाद से राबड़ी देवी ने तीन कार्यकाल तक के लिए मुख्यमंत्री का पद संभाला था। मुख्यमंत्री के तौर पर उनका पहला कार्यकाल केवल दो साल तक ही रहा। वहीं, दूसरे और तीसरे कार्यकाल के तौर पर उन्होंने अपना पांच साल पूरा किया था। विधानसभा चुनाव राबड़ी देवी 2005 में पहली बार लड़ी थी। जहां वैशाली के राघोपुर से उन्होंने जीत दर्ज किया था।