गणतंत्र दिवस के अवसर पर झारखंड की उप राजधानी दुमका में रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तिरंगा फहराया। समारोह पुलिस लाइन मैदान में आयोजित की गयी थी। इस अवसर पर विधायक बसंत सोरेन, शिकारीपाड़ा विधायक आलोक कुमार सोरेन, जामा विधायक डॉ लुईस मरांडी, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परेड निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि ऐसे राष्ट्र और राज्य के निर्माण का संकल्प लें, जिसकी परिकल्पना हमारे संविधान निर्माताओं ने की है। जिसमें हर व्यक्ति के अधिकार सुरक्षित और उसे विकास का समान अधिकार प्राप्त हो। जहां कमजोर व्यक्तियों की भी आवाज सुनी जाये।
उन्होंने कहा कि हम मजबूत राज्य का निर्माण करने में तभी सफल होंगे जब जाति, नस्ल और रंग भेद भुलाकर सामाजिक भाईचारा के साथ रहे। समारोह में संथाल परगना के आयुक्त लालचंद डाडेल, आईजी क्रांति कुमार, डीआईजी अंबर लकड़ा, उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे, एसपी पीतांबर सिंह खेरवार समेत अन्य वरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।